लॉकडाउन में आम लोगों के साथ साथ फिल्मी सितारे भी अपने घरों में कैद हैं। ऐसे में हर कोई खुद को व्यस्त रखने के तरीके भी ढूंढ़ रहे हैं। बॉलीवुड के विलेन कहे जाने वाले प्रकाश राज अक्सर अपनी दरियादिली से सभी को कायल कर देते हैं। साउथ और बॉलीवुड अभिनेता प्रकाश राज अपने फाउंडेशन के जरिए कोरोना की इस मुश्किल घड़ी में लोगों की मदद भी कर रहे हैं। प्रकाश राज हर दिन 250 बेघरों को कोवलम में खाना खिला रहे हैं। इसी बीच इन दिनों प्रकाश राज अपने पूरे परिवार के साथ अपने फार्म हाउस पर समय गुजार रहे हैं। प्रकाश राज अपने फार्म हाउस से फलों और सब्जियों की तस्वीरें शेयर कर रहे हैं।
इस बीच अभिनेता ने अपने फार्म हाउस से अपने बेटे की क्यूट सी तस्वीर पोस्ट की जिसमें वो आम बेचता नजर आया। सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहने वाले मशहूर अभिनेता प्रकाश राज ने बेटे वेदांत की एक तस्वीर शेयर की। तस्वीर उनके फार्म की हैं जिसमें वेदांत आम बेचते नजर आ रहे हैं। वेदांत आम के ढेर के पास बैठे हुए हैं। प्रकाश राज ने तस्वीर के साथ कैप्शन में लिखा, ‘मेरा बेटा, आम बेचने वाला। हमारे फार्म पर प्रकृति से बातचीत में व्यस्त है। घर पर रहें और सुरक्षित रहें। यह समय भी गुजर जाएगा।’ सोशल मीडिया यूजर्स प्रकाश राज के बेटे की इस तस्वीर को काफी पसंद कर रहे हैं।
इससे पहले भी प्रकाश राज अपने बेटे की तस्वीरें शेयर करते रहे हैं। हाल में उन्होंने अपने बेटे वेदांत के साथ एक वीडियो पोस्ट किया था जिसमें वो गाय के बछड़े के पास जाकर उससे बातें करने लगते हैं। प्रकाश बेटे से कहते हैं कि ‘हमें इसके साथ दोस्ती करनी है।’
लॉकडाउन के बीच फार्म हाउस पर रहते हुए प्रकाश अपने बेटे वेदांत को प्रकृति के साथ दोस्ती करना सिखा रहे हैं ताकि वो प्रकृति का संरक्षण कर सके। एक्टर प्रकाश राज का ये प्रयास काफी सराहा जा रहा है।