लॉकडाउन के चलते अपने घरों पर रहते हुए बॉलीवुड सेलेब्रिटीज को इन दिनों अपने पुराने दिनों की याद सता रही है। ऐसे में हर कोई अपनी थ्रोबैक तस्वीरें और वीडियोज सोशल मीडिया पर शेयर कर रहा है। इन्हीं बॉलीवुड सेलेब्रिटीज में से एक हैं अभिनेत्री ईशा देओल। ईशा को भी इन दिनों अपने पुराने दिन खूब याद आ रहे हैं। हाल ही में ईशा ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम हैंडल के जरिए अपनी शादी का एक थ्रोबैक वीडियो शेयर किया है।
बॉलीवुड एक्ट्रेस ईशा देओल भले ही फिल्मी पर्दे से दूर हो गई हो लेकिन सोशल मीडिया पर खूब एक्टिव रहती हैं। ईशा आए दिन अपनी नई नई तस्वीरें और वीडियो शेयर करती हैं। अब एक्ट्रेस ने अपनी शादी का एक वीडियो शेयर किया है जिसमे उनकी विदाई की रस्म हो रही है।
ईशा द्वारा शेयर किए इस वीडियो को देख हर किसी की आंखें नम हो जाएंगी। ईशा की शादी के बाद विदाई की रस्म के इस वीडियो में परिवार के बीच के कई भावुक पल आपको देखने को मिलेंगे।
वीडियो में ईशा दुल्हन के लिबास में नजर आ रही हैं। ईशा लाल रंग की हैवी साड़ी और गोल्ड ज्वेलरी पहने विदाई के लिए तैयार नजर आ रही हैं। दुल्हन बनीं ईशा बेहद प्यारी लग रही हैं। वीडियो में हेमा मालिनी, धर्मेंद्र और ईशा की बहन अहाना भी नजर आ रहे हैं। आंखों में आंसू लिए ईशा अपने जज्बात को काबू करने की कोशिश करती हैं। पहले ईशा मुस्कुराती हैं लेकिन बाद में वो पिता धर्मेन्द्र को गले लगाती हैं और दोनों फूट-फूटकर रोने लगते हैं। इसके बाद ईशा अपनी मां हेमा मालिनी को गले लगाते वक्त भी इमोशनल दिखती हैं।
ईशा को विदा होते देख उनके माता-पिता हेमा और धर्मेंद्र इमोशनल दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में ईशा की बहन अहाना भी रोते हुए नजर आ रही हैं। इसके बाद सभी हंसते हुए ईशा देओल को विदा करते हैं। इस भावुक कर देने वाले वीडियो में धर्मेंद्र का अपनी बेटी के प्रति प्यार और लगाव साफ दिखाई देता है। अपनी लाडली की विदाई में वो अपने आंसू नहीं रोक पाते हैं। पूरे वीडियो में धर्मेंद्र रोते हुए नजर आ रहे हैं।
ईशा देओल की शादी बिजनेसमैन भरत तख्तानी के साथ साल 2012 में हुई थी। शादी के बाद दोनों की दो बेटियां मिराया और राध्या हैं। ईशा ने साल 2003 में फिल्म ‘कोई मेरे दिल से पूछे’ से बॉलीवुड डेब्यू किया था। इसके बाद ईशा ने ‘धूम’, ‘एलओसी कारगिल’, ‘काल’, ‘नो एंट्री’ जैसी बॉलीवुड की कई फिल्मों में भी काम किया है।