बॉलीवुड एक्टर सलमान खान के लिए एक राहत की खबर आई है। सलमान खान की ह’त्या की साजिश रचने और रेकी करने के आरोपी राहुल उर्फ सांगा उर्फ बाबा को उत्तराखंड पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायिक हिरासत में भी भेज दिया गया है। सूत्रों के मुताबिक राहुल को 15 अगस्त को पौढ़ी गढ़वाल से गिरफ्तार किया गया था। जिसके बाद उसे चार दिन की रिमांड पर भेज दिया गया था। मंगलवार को रिमांड की यह अवधि पूरी होने के बाद पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया था। कोर्ट ने राहुल उर्फ सांगा को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, उसको नीमका जेल में हिरासत में रखा गया है।
जानकारी के मुताबिक राहुल उर्फ सांगा गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के लिए काम करता है। इसी साल जनवरी में वह मुंबई आया था और उसने सलमान खान की रेकी की थी। मुंबई के बांद्रा में राहुल ने जनवरी के पहले सप्ताह में सलमान खान की रेकी की थी। वह दो दिन तक मुंबई में रुका था। इस दौरान वो सलमान खान के बाहर आने जाने पर पूरी नजर रखता था।
एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में डीसीपी राजेश दुग्गल ने जानकारी देते हुए बताया कि राहुल शातिर बदमाश है। उसने कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और संपत नेहरा के कहने पर जनवरी 2020 में मुंबई जाकर सलमान खान की रेकी की थी। इस रेकी का इनपुट उसने राजस्थान की जेल में बंद अपने आका लॉरेंस बिश्नोई को दिया था।”
गौरतलब है कि राजस्थान में काले हिरण मामले को लेकर लॉरेंस बिश्नोई और संपत नेहरा ने राहुल से मुंबई में सलमान खान की रेकी करवाई थी। डीसीपी राजेश दुग्गल ने यह भी बताया कि “राहुल के मुंबई से लौटकर आते ही लॉकडाउन लग गया और इसी वजह से वह अपने मकसद में कामयाब नहीं हो पाया। पुलिस को इस मामले की जानकारी मिलते ही सलमान खान की सुरक्षा बढ़ा दी गयी थी।