बॉलीवुड के खान खानदान के छोटे बेटे सोहेल खान का जन्म 20 दिसंबर, 1969 मुंबई में हुआ था। सोहेल खान इन दिनों एक्टिंग से दूर हैं लेकिन वो फिल्मों को प्रोड्यूस और डायरेक्ट करते हैं। आखिरी बार उन्हें सलमान की फिल्म ‘ट्यूबलाइट’ में देखा गया था। हालांकि, ये फिल्म कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाई थी। सोहेल ने दिल्ली की रहने वाली सीमा सचदेव से घर से भाग कर शादी की थी। सोहेल और सीमा की लवस्टोरी बेहद दिलचस्प है, आज हम आपको दोनों की लवस्टोरी के बारे में बताने जा रहे हैं।
दोनों की लवस्टोरी इतनी आसान बिल्कुल भी नहीं थी। वैसे तो सीमा दिल्ली की रहने वाली हैं लेकिन फैशन डिजाइनिंग का कोर्स करने के लिए मुंबई गई थीं। क्योंकि सीमा इसी फील्ड में अपना करियर बनाना चाहती थीं। इस बीच सीमा और सोहेल की पहली मुलाकात हुई थी। खान खानदान के छोटे साहबजादे सोहेल को सीमा से पहली नजर में ही प्यार हो गया था। जल्द ही दोनों ने एक-दूसरे को डेट करना शुरू कर दिया और ये कपल शादी करना चाहता था लेकिन दोनों के धर्म अलग होने के चलते सीमा की फैमिली शादी के लिए राजी नहीं थी।
इसके कारण सीमा और सोहेल ने अपने जीवन का एक बड़ा फैसला लिया। 1998 में जिस दिन सोहेल की पहली फिल्म ‘प्यार किया तो डरना क्या’ रिलीज हुई थी उसी दिन इस कपल ने घर से भागकर आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली थी। हालांकि, शादी के बाद दोनों के रिश्ते को इनके परिवार वालों ने स्वीकार कर लिया था और इनका निकाह भी किया गया था। अब दोनों बेटे निर्वाण खान और योहान खान के माता-पिता हैं।
सोहेल खान की पत्नी सीमा सचदेवा फिल्मों में नहीं बल्कि फैशन डिजाइनर का काम करती हैं। शादी के बाद सोहेल ने सीमा के साथ एंटरटेनमेंट बिजनेस शुरू किया था। देखते-देखते ही सीमा टीवी शो और मूवी लीडिंग फैशन डिजाइनर बन गईं। टीवी सीरियल ‘जस्सी जैसी कोई नहीं'(2003-07) में कास्ट की कॉस्ट्यूम सीमा ने ही डिजाइन किए थे। इसी सीरियल से ही उन्हें पहचान मिली थी।
सीमा का ‘बांद्रा 190’ नाम से एक बुटीक है, जिसे वो सुजैन खान और महीप कपूर के साथ मिलकर चलाती हैं। इसके अलावा सीमा का मुंबई में ब्यूटी स्पा और ‘कलिस्ता’ नाम से सैलून भी है।
लेकिन सोहेल-सीमा की जिंदगी में तूफान तब आया जब सोहेल का नाम हुमा कुरैशी से जुड़ा। कहा जाता है कि सोहेल और सीमा के बीच हुमा के चक्कर में खूब लड़ाई हुई थी। हालांकि सोहेल और हुमा ने कभी भी इस बात को नहीं माना। हुमा कुरैशी इन दिनों मुदस्सर अजीज को डेट कर रही हैं।