Pics: फैन्स का दिल चुराते नजर आए परिणीति चोपड़ा के ये अंदाज, कभी लगातार फ्लॉप फिल्मों की वजह से हो गईं थीं डिप्रेशन का शिकार

बॉलीवुड की चुलबुली एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा (Parineeti Chopra) के तेवर अब पहले से काफी बदले हुए दिख रहे हैं। परिणीति अक्सर अपनी खूबसूरत तस्वीरें सोशल मीडिया पर अपलोड कर फैंस का दिल चुराती हुईं नजर आती रहती हैं। अपने स्टाइल और ड्रेसिंग सेंस के लिए जानी जाने वालीं परिणीति कभी सूट-सलवार, कभी वेस्टर्न लुक तो कभी ग्लैमरस अंदाज में सुर्खियां बटोरती दिखाई देती हैं। अपनी बेहतरीन अदाकारी के दम पर परिणीति ने बॉलीवुड में अपनी एक अलग पहचान बनाई है।

परिणीति चोपड़ा को वह स्टारडम हासिल नहीं हो सकी जो उनकी बहन प्रियंका चोपड़ा को मिली। अभिनय के मामले में भी परिणीति को बहुत ज्यादा सफलता हासिल नहीं हुई। अपनी पहली फिल्म में वह साइड रोल में नजर आई और बाद में लगातार कई फिल्में फ्लॉप होने से वह डिप्रेशन में चली गई थीं।

साल 2011 में ‘लेडीज वर्सेज रिकी बहल’ में साइड रोल से फिल्मी करियर की शुरुआत करने वाली बॉलीवुड की खूबसूरत अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा की बतौर लीड एक्ट्रेस पहली फिल्म ‘इशकजादे’ थी। 22 अक्टूबर 1988 को हरियाणा के अंबाला में जन्मीं परिणीति के पास इन दिनों कई सारी फिल्में हैं।

परिणीति चोपड़ा को बॉलीवुड की सबसे पढ़ी अभिनेत्री भी माना जाता है। परिणीति चोपड़ा पढ़ाई में हमेशा अव्वल रही हैं। उन्होंने 12वीं में देशभर में टॉप किया था और उन्हें राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किया गया था। परी ने बिजनेस, फाइनेंस और इकोनॉमिक्स में हॉनर्स डिग्री भी हासिल की है। पढ़ाई और एक्टिंग के साथ-साथ परिणीति में सिंगिंग का भी टैलेंट है। परिणीति एक ट्रेंड क्लासिकल सिंगर हैं। परी ने फिल्म ‘मेरी प्यारी बिंदू’ से बॉलीवुड में अपना सिंगिंग डेब्यू किया था।

अपना करियर इन्वेस्टमेंट बैंकिंग में बनाने की चाहत रखने वाली परिणीति चोपड़ा ने कभी अभिनेत्री बनने के सपने नहीं देखे थे। वह पढ़ाई के बाद बॉलीवुड में यशराज फिल्मस प्रोडक्शन हाउस का हिस्सा बन गईं और बतौर पब्लिक रिलेशन कंसल्टेंट नौकरी करने लगीं। परिणीति ने करीब दो साल तक पीआर सेक्टर में काम किया।

एक दोस्त के कहने पर परिणीति ने यशराज बैनर की फिल्म ‘लेडीज वर्सेस रिकी बहल’ के लिए ऑडीशन दिया और डिंपल चड्ढा के किरदार के लिए सेलेक्ट हो गईं। इस फिल्म में वह मेन लीड की बजाय सपोर्टिंग एक्ट्रेस के तौर पर रहीं। फिल्म में उनके अभिनय को खूब सराहना हासिल हुई और उन्हें बेस्ट फीमेल डेब्यू के लिए फिल्मफेयर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। इसके साथ उन्हें बेस्ट सपोर्टिंग फीमेल एक्ट्रेस के लिए नॉमिनेशन भी मिला।

‘इशकजादे’ में अर्जुन कपूर के साथ आई परिणीति चोपड़ा मेन लीड में थीं। इसमें उनके अभिनय की खूब तारीफ हुई। इसके बाद आई ‘शुद्ध देसी रोमांस’ ने भी ‘इशकजादे’ की तरह ही बॉक्स ऑफिस पर अच्छा कलेक्शन किया। लेकिन इसके बाद लगातार तीन फिल्में ‘हंसी तो फंसी’, ‘दावते इश्क’ और ‘किल दिल’ फ्लॉप हो गईं। इसके बाद परिणीति डिप्रेशन में चली गईं और उन्हें फिल्मों में काम मिलना लगभग बंद सा हो गया था लेकिन ‘डिशूम’, ‘मेरी प्यारी बिंदु’, ‘गोलमाल अगेन’, ‘नमस्ते इंडिया’, ‘केसरी’ और ‘जबरिया जोड़ी’ जैसी फिल्मों से उनके हालात में फिर से सुधार आया। परिणीति की फिल्म ‘द गर्ल ऑन द ट्रेन’ कुछ समय पहले ही रिलीज हुई है, इस फिल्म में परिणीति ने गंभीर किरदार निभाया है।

इन दिनों वो कुछ फिल्मों की शूटिंग में व्यस्त हैं, परिणीति जल्द ही फिल्म ‘एनिमल’ में नजर आने वाली हैं। इसके अलावा सूरज बड़जात्या द्वारा निर्देशित फिल्म ‘ऊंचाई’ भी जल्द रिलीज होने वाली है।

1 thought on “Pics: फैन्स का दिल चुराते नजर आए परिणीति चोपड़ा के ये अंदाज, कभी लगातार फ्लॉप फिल्मों की वजह से हो गईं थीं डिप्रेशन का शिकार”

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page