देखें बॉलीवुड की ‘धक धक गर्ल’ माधुरी दीक्षित की ये अनदेखी तस्वीरें और जानें कुछ अनसुनी और दिलचस्प बातें!

लगभग तीन दशक लंबे फिल्मी करियर में बॉलीवुड की ‘धक धक गर्ल’ माधुरी दीक्षित ने 70 से ज्यादा फिल्में दी हैं। अपनी दमदार अदाकारी और खूबसूरती से माधुरी आज भी फैन्स के दिलो दिमाग में छाई हुई हैं। माधुरी दीक्षित का जन्म 15 मई 1967 को मुंबई के एक मराठी ब्राह्मण परिवार में हुआ था। उनकी दो बड़ी बहने और एक बड़ा भाई है।

मात्र तीन साल की उम्र में माधुरी को नृत्य में रूचि होने लगी, इस लिए थोड़ा बड़े होने पर, आठ साल की उम्र में वे कत्थक सीखने लगीं और इसी बदौलत आज माधुरी एक ट्रेंड कथक डांसर हैं। माधुरी अपने दौर की एकलौती एक्ट्रेस थीं जिन्हें पंडित बिरजू महाराज ने ट्रेन किया था। बिरजू महाराज ने उन्हें इंडस्ट्री की बेस्ट डांसर भी कहा था।

माधुरी ने अंधेरी के डिवाइन चाइल्ड हाई स्कूल में अपनी शिक्षा प्राप्त की। अपनी पढ़ाई के साथ साथ माधुरी ने नाटकों जैसी गतिविधियों में भी भाग लिया।

माइक्रोबायोलॉजिस्ट बनने की ख्वाहिश रखते हुए माधुरी दीक्षित ने मुंबई के विले पार्ले में सथाए कॉलेज में दाखिला लिया, जहां उन्होंने बीएससी में अपने विषयों में से एक के रूप में माइक्रोबायोलॉजी का अध्ययन किया, लेकिन अपना कोर्स शुरू करने के महज छह महीने बाद ही माधुरी ने अपने फिल्मी करियर के लिए पढ़ाई बंद करने का फैसला किया।

माधुरी दीक्षित ने 17 साल की उम्र में 1984 में राजश्री प्रोडक्शंस की फिल्म ‘अबोध’ से सिनेमा जगत में डेब्यू किया, हालांकि फिल्म फ्लॉप रही लेकिन फिर भी माधुरी की एक्टिंग की सराहना हुई। इस फिल्म में उनके साथ बंगाली एक्टर तापल पॉल थे।

1988 में अनिल कूपर के साथ माधुरी दीक्षित की फिल्म ‘तेजाब’ सुपर हिट रही है। इस फिल्म में मोहिनी का किरदार निभाने के लिए माधुरी को फिल्मफेयर नॉमिनेशन भी मिला। इस फिल्म का गाना ‘एक-दो तीन’ आज तक लोगों की जुबान पर है।

इस गाने पर जबरदस्त डांस की वजह से माधुरी ने खूब शोहरत बटोरी थी। इस फिल्म के सुपरहिट होने के बाद माधुरी ने बॉलीवुड को एक के बाद एक कई हिट फिल्में दीं।

माधुरी इसके अलावा वर्दी, राम लखन, प्रेम प्रतिज्ञा, त्रिदेव, परिंदा, इलाका, मुजरिम, कानून अपना अपना, जमाई राजा, किशन कन्हैया, इज़्ज़तदार, दिल, थानेदार, प्यार का देवता, साजन, बेटा, प्रेम दीवाने, खेल, खलनायक, दिल तेरा आशिक़, अंजाम, हम आपके हैं कौन..!, प्रेम ग्रन्थ, कोयला, महानता, मोहब्बत, वजूद, आरज़ू, हम तुम्हारे हैं सनम, पुकार, गज गामिनी, लज्जा, दिल तो पागल है, देवदास, टोटल धमाल, कलंक जैसी फिल्मों में नजर आ चुकी हैं।

माधुरी दीक्षित बॉलीवुड की एकमात्र एक्ट्रेस हैं जिन्हें फिल्मफेयर में 14 बार नॉमिनेशन मिला है। इतना ही नहीं वो 6 बार इसे जीत भी चुकी हैं। 2008 में, माधुरी को कला में उनके योगदान के लिए भारत सरकार द्वारा चौथे सबसे बड़े नागरिक सम्मान पद्मश्री से सम्मानित किया गया।

एक दौर में माधुरी का नाम पूर्व भारतीय क्रिकेटर अजय जडेजा के साथ जोड़ा जाता था। कहा तो ये भी जाता है कि दोनों शादी भी करना चाहते थे। बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त के साथ उनके लव अफेयर की खबरें भी उडी थीं।

साल 1999 में माधुरी ने डॉक्टर श्रीराम नेने से शादी कर ली और अमेरिका में जाकर बस गई।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page