10 बॉलीवुड ब्लॉकबस्टर: मुगल-ए-आजम 3 साल तो शोले 5 साल तक थिएटर से नहीं उतरीं, न.1 तो 23 साल से अब तक चल रही है

बॉलीवुड में फिल्मों की सफलता तय करने का मापदंड बीते कुछ सालों से बदल गया है। मल्टीप्लेक्स के इस युग में फिल्म रिलीज होने के कुछ दिनों के अंदर ही उसके बिजनेस से ये तय हो जाता है, कि फिल्म हिट रही है या फ्लॉप। इस दौर में बड़ी से बड़ी हिट फिल्म भी थिएटर में मुश्किल से 100 दिन पार कर पाती है। हालांकि कुछ सालों पहले तक ऐसा बिल्कुल भी नहीं था। बीते दौर में सफल फिल्मों के लिए 100 दिन पार करना बेहद आसान होता था। कई सुपर हिट फिल्मों ने तो लंबे वक्त तक चलने के रिकॉर्ड भी बनाए हैं। आज हम आपको बॉलीवुड की सबसे लंबे समय तक चलने वाली टॉप-10 फिल्मों के बारे में ही बताने जा रहे हैं।

10. मोहब्बतें

रिलीज- 27 अक्टूबर 2000

रनिंग टाइम- 1 साल

आदित्य चोपड़ा निर्देशित इस फिल्म के जरिए लोगों ने पहली बार बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन और बादशाह शाहरुख खान को एकसाथ पर्दे पर देखा था। इन दोनों के अलावा इस फिल्म में जिमी शेरगिल, उदय चोपड़ा, जुगल हंसराज, प्रीति झंगियानी, शमिता शेट्टी और किम शर्मा भी नजर आए थे।

‘मोहब्बतें’ के गाने भी जबरदस्त हिट साबित हुए थे। अक्टूबर 2000 में रिलीज हुई ये फिल्म अगले 50 हफ्तों तक कई सिनेमाघरों में चलती रही।

19 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने घरेलू मार्केट में करीब 70.62 करोड़ रुपए तो विदेशी बाजार में करीब 20 करोड़ रु. की कमाई की थी। दुनियाभर में फिल्म ने करीब 90 करोड़ रुपए का कारोबार किया था। जो उस साल रिलीज हुई फिल्मों में सबसे ज्यादा था।

9. कहो ना प्यार है

रिलीज- 14 जनवरी 2000

रनिंग टाइम- 1 साल

राकेश रोशन द्वारा निर्देशित फिल्म ‘कहो ना प्यार है’ से ऋतिक रोशन और अमीषा पटेल ने डेब्यू किया था। इस फिल्म के जरिए ऋतिक रातोंरात युवाओं के पसंदीदा हो गए थे। रिलीज के बाद ये फिल्म अगले 50 हफ्तों तक थिएटर्स में रही थी।

फिल्म का संगीत भी जबरदस्त हिट रहा था, जिसे ऋतिक के चाचा राजेश रोशन ने दिया था। साल 2000 में हुए अवॉर्ड शो में ऋतिक की इस फिल्म ने अलग-अलग कैटेगरी में कुल 102 अवॉर्ड जीते थे। जिसके बाद इसका नाम लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में भी दर्ज किया गया था। करीब 10 करोड़ रुपए से बनी इस फिल्म ने 62 करोड़ रुपए का कारोबार किया था।

फिल्म में हीरोइन का रोल पहले करीना कपूर को मिला था और उन्होंने फिल्म की शूटिंग भी शुरू कर दी थी। लेकिन कुछ वक्त बाद करीना की मां बबीता को लगा कि राकेश रोशन इस फिल्म में अपने बेटे पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं तो उन्होंने करीना से ये फिल्म छुड़वा दी। जिसके बाद इस फिल्म में अमीषा पटेल को जगह मिली।

ऋतिक रोशन पहले एक्टर बने थे, जिन्हें अपनी पहली फिल्म के लिए बेस्ट डेब्यू कलाकार के साथ ही बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड भी मिला।

8.राजा हिंदुस्तानी

रिलीज- 15 नवंबर 1996

रनिंग टाइम- 1 साल

आमिर खान और करिश्मा कपूर की फिल्म ‘राजा हिंदुस्तानी’ में एक अमीर घर की लड़की और गरीब टैक्सी ड्राइवर की प्रेमकथा दिखाई गई थी। इस फिल्म के गाने भी बेहद हिट हुए थे।

रिलीज होने के बाद ये फिल्म करीब सालभर तक सिनेमाघरों में लगी रही। करीब 5.75 करोड़ की लागत से बनी इस फिल्म ने उस वक्त 76.34 करोड़ रुपए का कारोबार किया था।

फिल्मफेयर अवॉर्ड शो में लगातार 8 साल तक नॉमिनेट होते रहने के बाद ‘राजा हिंदुस्तानी’ ने आमिर खान को उनका पहला बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड दिलवाया था।

7.  हम आपके हैं कौन

रिलीज- 5 अगस्त 1994

रनिंग टाइम- 1 साल

इस फिल्म ने उस वक्त सफलता के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए थे। ये फिल्म अगले 1 साल तक देश के कई सिनेमाघरों में चलती रही थी।

करीब 1.4 करोड़ रुपए की लागत से बनी फिल्म ‘हम आपके हैं कौन’ को 100 करोड़ रुपए कमाने वाली भारत की पहली फिल्म माना जाता है। इस फिल्म ने दुनिया को भारतीय शादियों से परिचय कराया था। ये फिल्म राजश्री प्रोडक्शन की पुरानी फिल्म ‘नदिया के पार’ का ही रीमेक थी।

दिवंगत चित्रकार मकबूल फिदा हुसैन इस फिल्म में माधुरी दीक्षित के किरदार पर इतने फिदा हो गए थे कि उन्होंने फिल्म को 85 बार देखने की बात कही थी।

6. मैंने प्यार किया

रिलीज- 29 दिसंबर 1989

रनिंग टाइम- 1 साल

सूरज बड़जात्या निर्देशित इस फिल्म को आज भी बॉलीवुड की सबसे आदर्श प्रेमकथा में से एक माना जाता है। इस फिल्म के जरिए ही सूरज ने निर्देशक के रूप में अपने करियर की शुरुआत की थी। वहीं सलमान खान की भी बतौर हीरो ये पहली फिल्म थी।

दिसंबर 1989 में रिलीज हुई इस फिल्म का जादू उस वक्त लोगों के सिर चढ़कर बोला था। ये फिल्म अगले एक साल तक देश के कई सिनेमाघरों में चलती रही थी।

करीब 2 करोड़ रुपए की लागत से बनी इस फिल्म ने उस वक्त लगभग 14 करोड़ रुपए का कारोबार किया था। 1990 में हुए 35वें फिल्मफेयर अवॉर्ड शो में ‘मैंने प्यार किया’ ने करीब 7 अवॉर्ड जीते थे।

5. बरसात

रिलीज- 21 अप्रैल 1949

रनिंग टाइम- 2 साल

राज कपूर और नरगिस के अभिनय से सजी ये फिल्म साल 1949 में रिलीज हुई थी और अगले दो सालों तक थिएटर में चलती रही। आरके स्टूडियोज के बैनर तले बनी इसी फिल्म से संगीतकार शंकर-जयकिशन की जोड़ी ने बॉलीवुड में कदम रखा था।

ये फिल्म म्यूजिकल ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी। जिसके बाद राज कपूर की अगली कई फिल्मों का संगीत शंकर-जयकिशन की जोड़ी ने ही तैयार किया था।

आपको बता दें की इस फिल्म के लेखक रामानंद सागर थे, जिन्होंने आगे चलकर भारत का सबसे बड़ा धार्मिक सीरियल ‘रामायण’ बनाया था।

4. किस्मत

रिलीज- 1943

रनिंग टाइम- 3 साल

लेखक-निर्देशक ज्ञान मुखर्जी की फिल्म ‘किस्मत’ को भारत की पहली ब्लॉकबस्टर फिल्म माना जाता है। ये फिल्म साल 1943 में रिलीज हुई थी और अगले 187 हफ्तों (करीब 3 साल) तक कलकत्ता के रोक्सी सिनेमा में चलती रही।

रिलीज होने के अगले 32 सालों बाद तक अशोक कुमार और मुमताज शांति अभिनीत इस फिल्म के नाम सबसे ज्यादा वक्त तक चलने का रिकॉर्ड कायम रहा।

3. मुगल-ए-आजम

रिलीज- 5 अगस्त 1960

रनिंग टाइम- 3 साल

फिल्म ‘मुगल-ए-आजम’ में सलीम और अनारकली की दुखद प्रेमकथा दिखाई गई थी। ये फिल्म दिलीप कुमार, मधुबाला और पृथ्वीराज कपूर के जबरदस्त अभिनय के अलावा अपने भव्य सेट्स और शानदार संगीत के लिए जानी जाती है। ये फिल्म तब की सबसे महंगी फिल्मों में से एक थी।

साल 1960 में रिलीज हुई ये फिल्म अगले 3 साल तक थिएटर में लगी रही। अगले 15 सालों तक ये फिल्म भारत की सबसे ज्यादा वक्त तक चलने वाली फिल्म बनी रही। इस फिल्म को तब एक राष्ट्रीय पुरस्कार और 3 फिल्मफेयर पुरस्कार मिले थे।

2. शोले

रिलीज- 15 अगस्त 1975

रनिंग टाइम- 5 साल

फिल्म ‘शोले’ भारत की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में से एक मानी जाती है। रिलीज होने के बाद इस फिल्म ने अपने दौर में सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित किए थे। ये एक ऐसी फिल्म थी जिसका जादू बच्चों से लेकर बूढ़ों तक सभी पर चला था। सबसे ज्यादा चलने के मामले में ये फिल्म दूसरे नंबर पर है।

मुंबई के मिनर्वा थिएटर में ये फिल्म करीब 286 हफ्तों यानी 5 साल से ज्यादा वक्त तक चली थी। इस फिल्म के प्रमुख सितारे अमिताभ बच्चन, धर्मेंद्र, संजीव कुमार, हेमा मालिनी, जया भादुड़ी और अमजद खान थे। उनके निभाए जय, वीरू, ठाकुर, बसंती और गब्बर जैसे किरदारों को लोग आज भी नहीं भूला पाए हैं।

1. दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे

रिलीज- 20 अक्टूबर 1995

रनिंग टाइम- 23 साल से लगातार

फिल्म ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ साल 1995 में रिलीज हुई थी। ये फिल्म भारतीय सिनेमा की सबसे ज्यादा चलने वाली फिल्म है। मुंबई के ‘मराठा मंदिर’ सिनेमा में इस फिल्म को चलते हुए 1225 हफ्तों से ज्यादा हो चुके हैं।

करीब 24 साल से ये फिल्म वहां चल रही है। वहां आज भी रोजाना सुबह इस फिल्म का एक शो चलता है। इस फल्म में शाहरुख खान और काजोल के निभाए राज और सिमरन के किरदार को आज भी लोग भूले नहीं हैं। इस फिल्म ने 10 फिल्मफेयर अवॉर्ड जीते थे।

आपको बता दें की फिल्म में राज मल्होत्रा का रोल निभाने के लिए पहले सैफ अली खान से संपर्क किया गया था, लेकिन उन्होंने इसे करने से इनकार कर दिया था।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page